तेंदुआ खाल तस्करी का भंडाफोड़, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
गरियाबंद।गरियाबंद जिले में तेंदुए की खाल की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार एंटी पोचिंग टीम को तेंदुए की खाल की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रायपुर–देवभोग नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर एक कार को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान कार से तेंदुए की खाल बरामद हुई।कार में सवार जमरसाय और सूरज नेताम, जो छुरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश के लिए वन विभाग और पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बरामद खाल को जब्त कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
