महिला दिवस पर महापौर अलका बाघमार ने नर्सिंग स्टाफ का किया सम्मान, हेलमेट देकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
दुर्ग। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने एक सराहनीय पहल करते हुए जिला चिकित्सालय के नर्सिंग स्टाफ का सम्मान किया। महापौर ने नगर निगम स्थित अपने चेम्बर में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ से जुड़े नर्सिंग स्टाफ को हेलमेट भेंट कर उनका अभिनंदन किया और सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया।इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि जिला अस्पताल की नर्सें दिन-रात मरीजों की सेवा में समर्पित रहती हैं।
चाहे दिन हो या रात, हर परिस्थिति में नर्सिंग स्टाफ मरीजों की देखभाल करते हुए समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनका समर्पण और सेवा भाव पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।उन्होंने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि महिलाओं के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। स्वास्थ्य व्यवस्था में नर्सिंग स्टाफ एक मजबूत कड़ी है और उनकी मेहनत से ही मरीजों को बेहतर उपचार मिल पाता है।महापौर ने हेलमेट वितरण के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है, इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना बहुत जरूरी है, जिससे दुर्घटना की स्थिति में जान बचाई जा सके।इस दौरान एमआईसी सदस्य शेखर चंद्रकार, सावित्री दमाहे, सविता साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रेमा पाल, मंजू राय, अजय नायक, सत्येंद्र गुप्ता एवं पुष्पा बांधे सहित अन्य नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने महापौर की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
