पूर्व सभापति दिनेश देवांगन बने भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक, दुर्ग संभाग प्रभारी की जिम्मेदारी
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए वरिष्ठ कार्यकर्ता और पूर्व नगर निगम सभापति दिनेश देवांगन को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार दिनेश देवांगन को भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ का प्रदेश सह संयोजक एवं दुर्ग संभाग प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संजु नारायण ठाकुर हैं।दिनेश देवांगन की नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
वहीं दुर्ग जिले में झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक के रूप में दिनेश मिश्रा तथा जिला सह संयोजक के रूप में दीपक सिन्हा और भागवत बुंदेल को नियुक्त किया गया है।उल्लेखनीय है कि दिनेश देवांगन लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं। झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र से निकलकर उन्होंने संगठन में बूथ स्तर से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और बूथ शक्ति केंद्र अध्यक्ष, शहर भाजयुमो अध्यक्ष, जिला भाजयुमो अध्यक्ष, भाजपा शहर महामंत्री, जिला मंत्री और जिला प्रवक्ता जैसे कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है ,जनप्रतिनिधि के रूप में भी उनका राजनीतिक अनुभव उल्लेखनीय रहा है।
वे तीन बार पार्षद निर्वाचित हुए और तत्कालीन महापौर सरोज पांडेय के कार्यकाल में दुर्ग नगर निगम के सभापति के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई। साथ ही पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर की एमआईसी टीम में लोककर्म एवं निर्माण कार्य प्रभारी के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण कार्य किए।अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को जमीन पर उतारने में सक्रिय भूमिका निभाई। विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत झुग्गियों के स्थान पर पक्के मकान निर्माण और स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण जैसे कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इससे शहर के कई क्षेत्र झुग्गी-मुक्त होकर पक्के मकानों में परिवर्तित हुए।भाजपा प्रदेश संगठन ने उनके संगठनात्मक अनुभव, जमीनी कार्यशैली और गरीब-जरूरतमंदों के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
उनकी नियुक्ति पर विभिन्न वर्गों के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश संगठन और वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।
