भिलाई में पदोन्नत अभियंताओं का भव्य सम्मान समारोह, 35 कनिष्ठ अभियंता बने सहायक अभियंता
भिलाई / भिलाई के सुपेला स्थित अमित पार्क होटल में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के 35 पदोन्नत कनिष्ठ अभियंताओं के सहायक अभियंता बनने के उपलक्ष्य में भव्य मिलन एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पदोन्नति प्राप्त अभियंताओं ने इस उपलब्धि की खुशी साझा करते हुए कंपनी प्रबंधन और अभियंता संघ के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर, कार्यपालक निदेशक वी.के. साय, मुख्य अभियंता (दुर्ग क्षेत्र) संजय खंडेलवाल और मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) एम. जामुलकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके साथ ही डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष एस.के. बड़गैंया सहित संघ के कई पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने पदोन्नत अभियंताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने कहा कि विद्युत सेवा जनहित से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अभियंताओं से उपभोक्ताओं को बेहतर और भरोसेमंद विद्युत सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान अभियंताओं ने बताया कि यह उपलब्धि लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों, संगठन की एकजुटता और प्रबंधन के सकारात्मक सहयोग का परिणाम है।
अभियंता सुरजीत कुमार गुप्ता और ज्योत्सना राव ने कहा कि संघ के नेतृत्व और प्रबंधन के सहयोग से प्रदेशभर के अभियंताओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।कार्यक्रम का मंच संचालन इंजीनियर अलका जोशी और इंजीनियर सारदा देवांगन ने किया, जबकि अंत में इंजीनियर शादाब अहमद ने सभी अतिथियों और उपस्थित अभियंताओं का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर अम्बिकापुर, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए अभियंताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाल ही में पदोन्नत सहायक अभियंता कमल किशोर देशमुख, संदीप वर्मा, हेमंत देशमुख, किशोर गुप्ता, धर्मेन्द्र देवांगन और शिप्रा देवांगन सहित कई अभियंताओं की पहल पर आयोजित यह समारोह सौहार्द, एकता और उपलब्धि के उत्सव के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
