दुर्ग में अवैध हुक्का और ई-सिगरेट बिक्री का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हुक्का और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मालवीय नगर स्थित जैन मंदिर के सामने एक दुकान में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद और ई-सिगरेट का अवैध रूप से भंडारण एवं विक्रय किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और दुकान की तलाशी ली।तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हुक्का फ्लेवर, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, हुक्का नोजल, कोल सहित अन्य सामग्री बरामद की। मौके से कुल ₹1,02,100 कीमत का सामान और ₹600 नगद जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने राजेश जैन (38 वर्ष) शैलेश जैन (36 वर्ष)दोनों निवासी मालवीय नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया है।आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 एवं इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री कर अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमा रहे थे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे अवैध नशे के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।
