दुर्ग: अवैध मवेशी परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग/ दुर्ग पुलिस ने अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 नग मवेशी और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2.32 लाख रुपये आंकी गई है।मिली जानकारी के अनुसार, चिखली चौक क्षेत्र में पुलिस को एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया।
वाहन को रोककर जांच करने पर उसमें 6 मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक ले जाया जा रहा था। पूछताछ में मामला अवैध परिवहन का पाया गया।पुलिस ने मामले में निर्मल मनेश्वर (38), तुलसीराम नागेश्वर (60), जयपाल नागेश्वर (43) और भगतराम खरे (43) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के बालाघाट और सिवनी जिलों के निवासी हैं।आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4 और 6 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन (कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये) और 6 मवेशी (कीमत लगभग 82 हजार रुपये) जब्त किए हैं।इस कार्रवाई में चिखली चौकी पुलिस और पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता से अवैध परिवहन का खुलासा संभव हो सका।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पशु क्रूरता या अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।
