दुर्ग, 27 अप्रैल। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर में अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का नल कनेक्शन स्थापित करना नियम विरुद्ध है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।निगम आयुक्त श्री अग्रवाल के निर्देशानुसार अब शहर में ऐसे सभी अवैध कनेक्शनों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से काटने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही बिना स्वीकृति कनेक्शन लगाने वाले संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध नल कनेक्शन कराने वाले उपभोक्ताओं और इसमें संलिप्त ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर कनेक्शन काटने की कार्रवाई करेगी।
निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल विधिवत स्वीकृति लेकर ही नल कनेक्शन लें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।
