दुर्ग, 27 अप्रैल। नगर पालिक निगम दुर्ग और मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार इस वर्ष एल नीनो का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी, कम वर्षा और जल संकट की स्थिति गंभीर हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार मौसम का असामान्य व्यवहार आम जनजीवन के साथ-साथ जल संसाधनों पर भी गहरा असर डालेगा।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एल नीनो की स्थिति के चलते तापमान में लगातार वृद्धि होगी।
दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी, जिससे हीट वेव (लू) का खतरा बढ़ेगा। जिले में लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने की आशंका जताई जा रही है, जो स्वास्थ्य और जल उपलब्धता दोनों के लिए चिंता का विषय है।इसके अलावा, इस वर्ष लंबे समय तक वर्षा न होने, सामान्य से कम बारिश और मानसून के देरी से आने जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। ये सभी कारक मिलकर जल संकट को और गहरा कर सकते हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति और कृषि दोनों प्रभावित होंगे।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर पालिक निगम दुर्ग ने नागरिकों से जल संरक्षण की अपील की है। निगम प्रशासन ने कहा है कि जल का विवेकपूर्ण उपयोग करना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। नागरिकों से नलों को खुला न छोड़ने, वर्षा जल संचयन अपनाने, दैनिक उपयोग में पानी की बचत करने और लीकेज को तुरंत ठीक कराने जैसे उपाय अपनाने का आग्रह किया गया है।
निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि जल संकट से निपटना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। यदि सभी लोग मिलकर छोटे-छोटे प्रयास करें, तो आने वाले बड़े संकट को टाला जा सकता है।
अंत में निगम प्रशासन ने संदेश दिया— “जल है तो कल है” और “हर बूंद अनमोल है”, इसलिए आज बचाया गया पानी ही भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी साबित होगा।
