रायपुर, 27 अप्रैल 2026। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा संगठन के शिल्पकार प्रो. यशवंतराव केलकर की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर “प्रिय केलकर जी” कार्यक्रम का आयोजन पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वर्तमान एवं पूर्व कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री हरीश लूनिया ने कहा कि केलकर जी केवल राष्ट्र निर्माण ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण के भी प्रमुख शिल्पकार थे।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए केलकर जी को “चलती-फिरती पाठशाला” बताया, जिनकी कार्यशैली ने संगठन को नई दिशा दी।इस अवसर पर अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “विद्यार्थी आज का नागरिक है” — यह विचार आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में समरसता और संगठनात्मक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1990 से “यशवंतराव केलकर पुरस्कार” के माध्यम से समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता रहा है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखड़िया, प्रांत अध्यक्ष डॉ. विकास पांडे, प्रांत मंत्री अनंत सोनी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने केलकर जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
