भिलाई में राज्य स्तरीय थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन, बिलासपुर में दिखाएंगे दम
भिलाई। आगामी राज्य स्तरीय थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए सोमवार को सेक्टर-10 स्थित गुंडिचा मंडप डोम शेड में चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। शाम 5:30 बजे शुरू हुए इस चयन ट्रायल में दुर्ग जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।चयन प्रक्रिया में सब जूनियर (अंडर-14), जूनियर (अंडर-17) और सीनियर (19 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग) के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।इस अवसर पर सेक्टर-10 की पार्षद श्रीमती सुभद्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दुर्ग जिले के लिए अधिक से अधिक पदक जीतें।जिला सचिव जेपी राजू ने बताया कि राज्य स्तरीय थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 10 से 12 जुलाई 2026 तक रेलवे स्टेडियम, बिलासपुर में होगा। उन्होंने कहा कि भिलाई के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और इस बार भी उनसे पदक जीतने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता से पहले चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम में कारा-कु-जू-बो-काई-कान कराते डो मार्शल आर्ट्स एंड योग एसोसिएशन के वरिष्ठ छात्र रामकुमार पांडे, गांधी सोनी, भरत लाल साहू, सुभाष सोनी, दीपेश आहूजा, रोहन देवांगन, विपिन दहाते, अक्षत चंद्रा, अरमान देवांगन, वेदांत साहू सहित बड़ी संख्या में ब्लैक बेल्ट एवं ब्राउन बेल्ट खिलाड़ी उपस्थित रहे।
दुर्ग जिला थाई बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष चिन्ना केशवलु ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में इस खेल के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
