बस दुर्घटना के घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुँचे मंत्री गजेन्द्र यादव, उपचार व्यवस्था का लिया जायजा
दुर्ग, 27 अप्रैल 2027।रविवार देर रात बारात से लौटते समय हुई बस दुर्घटना में घायल तितुरडीह क्षेत्र के नागरिकों से मिलने प्रदेश के केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव सोमवार को जिला अस्पताल पहुँचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत जानकारी ली। मंत्री ने घायलों को बेहतर इलाज का भरोसा दिलाते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। इसके लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।अस्पताल पहुँचकर मंत्री ने एक-एक मरीज से बातचीत की और दुर्घटना की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को निर्देशित किया कि सभी मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए।
गंभीर रूप से घायलों की विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।अस्पताल की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षणइस दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव ने जिला अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता, मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली तथा अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने अस्पताल परिसर में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही वार्डों में कूलर और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मरीजों के परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन सभी शासकीय अस्पतालों में बेहतर इलाज और सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस मौके पर जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
