सिकोला बस्ती में लगेगी 31 फीट ऊंची शिव प्रतिमा, मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया भूमिपूजन
दुर्ग। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 एवं 16 स्थित सिकोला बस्ती के तालाब के मध्य भगवान शिव की 31 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापना के लिए मंगलवार को भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि भगवान शिव की यह विशाल प्रतिमा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं होगी, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का भी प्रतीक बनेगी। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा से पूरे क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, यही कामना है।उन्होंने वार्ड 15 एवं 16 के नागरिकों द्वारा जनसहयोग से कराए जा रहे इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से होने वाले ऐसे आयोजन आपसी एकजुटता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने तालाब के सौंदर्यीकरण की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी, जिस पर उन्होंने आवश्यक कार्य कराने की घोषणा की।मंत्री यादव ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए वार्ड के विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और आगामी योजनाओं पर चर्चा की तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर सभापति श्याम शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, पार्षद युवराज कुंजाम, खिलावन मटियारा, कुलेश्वर साहू, मनीष कोठारी, मन्नू साहू, उमेश यादव, बलराम यादव, बबलू यादव, महिला समूह की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
