इंदिरा मार्केट में बनेगी अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग, 17.35 करोड़ की परियोजना से शहर को मिलेगी जाम से राहत

इंदिरा मार्केट में बनेगी अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग, 17.35 करोड़ की परियोजना से शहर को मिलेगी जाम से राहत

दुर्ग। नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत पुराना बस स्टैंड स्थित इंदिरा मार्केट में प्रस्तावित अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण कार्य का बुधवार को महापौर अलका बाघमार ने निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर सहित निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।महापौर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य प्रारंभ कर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो सके।महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव एवं बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को देखते हुए यह मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इसके निर्माण से इंदिरा मार्केट एवं पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और नागरिकों, व्यापारियों व बाहर से आने वाले लोगों को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिल सकेगी।उन्होंने कहा कि निगम द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं यातायात सुधार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मल्टीलेवल पार्किंग बनने से सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण लगेगा तथा बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।प्रस्तावित परियोजना बेसमेंट, ग्राउंड एवं दो मंजिला संरचना के रूप में विकसित की जाएगी।

लगभग 17 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना में 298 कार पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त परिसर में 11 दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।परियोजना की निर्माण अवधि 18 माह निर्धारित की गई है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को तकनीकी गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?