पुराने विवाद और छेड़छाड़ की बात पर युवक की हत्या, 9 आरोपी गिरफ्तार

पुराने विवाद और छेड़छाड़ की बात पर युवक की हत्या, 9 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग थाना क्षेत्र के गया नगर में पुराने विवाद और बहन से छेड़छाड़ की बात को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार घटना 11 मई की रात करीब 10:30 बजे शुरू हुई, जब प्रार्थी पक्ष और आरोपी पक्ष के बीच बहन को छेड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ।

पुराने विवाद के चलते देर रात करीब 1 बजे आरोपी पक्ष के आकाश उर्फ अक्कू, बिट्टू सारथी, आर्यन गुप्ता, लकी सारथी सहित अन्य साथियों ने मिलकर प्रार्थी पक्ष पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के साथ लाठी-डंडे, बल्ला और धारदार हथियार से जमकर मारपीट की।हमले में जितेश उर्फ रितेश ठाकुर (23 वर्ष), राहुल ठाकुर, नवीन ठाकुर और भोला यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जितेश उर्फ रितेश ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल ठाकुर का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना दुर्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाठी-डंडा, धारदार हथियार, पत्थर, ईंट और बल्ला बरामद किया है।गिरफ्तार आरोपियों में आकाश यादव उर्फ अक्कू, विजय सारथी उर्फ बिट्टू, आर्यन गुप्ता, लकी सारथी, भूपेंद्र सारथी उर्फ बनू, ललित यादव, युवराज सारथी, बलराम उर्फ बाली और नागेश यादव उर्फ नग शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक घटना का मुख्य कारण पुराना विवाद और छेड़छाड़ को लेकर उपजा आपसी तनाव है। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?