कुम्हारी में भीषण सिलेंडर ब्लास्ट, एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत

कुम्हारी। कुम्हारी के वार्ड क्रमांक 4 स्थित खपरी रोड में सोमवार देर शाम हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में लगी आग के बाद गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।मृतकों की पहचान होमदास वैष्णव, लक्ष्मी वैष्णव, चांदनी वैष्णव और 2 वर्षीय मासूम गोपिका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आग तेजी से पूरे घर में फैल गई और इसी दौरान सिलेंडर फटने से हालात और भयावह हो गए।

धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रारंभिक जांच में आग लगने के बाद सिलेंडर ब्लास्ट होने की बात सामने आ रही है।
हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने पुलिस और प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है।
