78 ग्राम पंचायत सचिवों को पदोन्नति, 5 का स्थायीकरण, एक को मिली अनुकम्पा नियुक्ति
जिला पंचायत दुर्ग की बड़ी पहल, कर्मचारियों को मिला सेवा लाभदुर्ग जिला पंचायत ने कर्मचारियों के लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों के निराकरण की दिशा में बड़ी पहल करते हुए 78 ग्राम पंचायत सचिवों को पदोन्नति प्रदान की है। इसके साथ ही 5 सचिवों की परिवीक्षा अवधि समाप्त कर उनकी सेवाओं का स्थायीकरण किया गया है, जबकि एक पात्र आश्रित को अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे के निर्देशन में जिला स्तर पर गठित समिति द्वारा कर्मचारियों की कार्यकुशलता, अनुशासन और सेवा अवधि का परीक्षण किया गया। परीक्षण के बाद 15 वर्ष की सेवावधि पूर्ण कर चुके 78 ग्राम पंचायत सचिवों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया। लंबे समय से इस निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों के लिए यह बड़ी राहत और सम्मान का अवसर माना जा रहा है।जिला पंचायत ने 5 ग्राम पंचायत सचिवों की परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उनकी सेवाओं का स्थायीकरण भी किया है।
वहीं मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए पात्र आश्रित कीर्तन कुमार साहू को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई है।जिला पंचायत की इस कार्रवाई से कर्मचारियों में उत्साह और संतोष का माहौल है। लंबे समय से लंबित सेवा प्रकरणों के निराकरण से कर्मचारियों के मनोबल में वृद्धि होने के साथ-साथ पंचायत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने कहा कि कर्मचारियों के वैधानिक सेवा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण जिला पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों का त्वरित और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि कर्मचारियों के हितों का संरक्षण हो सके और प्रशासनिक कार्यों में अधिक दक्षता आए।जिला पंचायत दुर्ग की इस पहल को कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि पंचायत व्यवस्था की कार्यक्षमता भी मजबूत होगी।
