वार्ड 36 में महापौर और आयुक्त का औचक निरीक्षण, नाला सफाई व अतिक्रमण पर सख्त निर्देश
मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था सुधारने के आदेश
दुर्ग नगर पालिक निगम की महापौर अलका बाघमार और आयुक्त सुमित अग्रवाल ने सोमवार को वार्ड क्रमांक 36 के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर नाला-नाली सफाई, पेयजल व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और मानसून पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वर्षा ऋतु से पहले सभी प्रमुख नालों और नालियों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए ताकि जलभराव की समस्या न हो।
गंजपारा गली नंबर-1 में छोटी नाली की सफाई के निर्देश दिए गए। महापौर ने क्षेत्रवासियों से सीधे चर्चा कर पेयजल आपूर्ति की स्थिति जानी और जल टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण में कुछ स्थानों पर नालों के आसपास कचरा और अवरोध पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।गंजपारा स्थित स्टेट बैंक के पीछे कॉम्प्लेक्स के पास खड़ी अनुपयोगी और कंडम गाड़ियों को हटाने तथा वहां वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए गए। दुकानों के सामने नालियों पर बनी फ्लोरिंग में जालीदार चेम्बर बनाने को कहा गया ताकि भविष्य में सफाई कार्य आसानी से हो सके।
महापौर ने मौके पर मौजूद रहकर नाली सफाई कार्य की निगरानी भी की।शक्ति चौरा के पास सड़क पर निर्माण मलबा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं खराब पड़े बोर को सुधारने, नई नालियों के निर्माण तथा बांधा तालाब से जुड़े नाले की विशेष सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान लोक कर्म विभाग प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी निलेश अग्रवाल, पार्षद प्रतिभा सुरेश गुप्ता सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
