सुकमा। बस्तर के बदलते स्वरूप की एक खुशनुमा तस्वीर उस समय देखने को मिली जब उप मुख्यमंत्री अरुण साव जंगलों के बीच बने एक क्रिकेट मैदान में युवाओं के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए। सुकमा जिले के ग्राम पंचायत कोर्रा के आश्रित ग्राम मुनगा में क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और सीधे मैदान में पहुंच गए।मैदान में खेल रहे युवाओं के बीच पहुंचकर उप मुख्यमंत्री ने बैट थामा और गेंदबाजों की गेंदों पर कई आकर्षक शॉट लगाए।

उनके साथ क्रिकेट खेलते देख खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार मुनगा गांव में 7 जून से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आसपास के गांवों की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। मैदान के एक ओर खिलाड़ी तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक मौजूद थे।क्रिकेट खेलने के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों से सहज और आत्मीय बातचीत की। चर्चा के दौरान खिलाड़ियों ने खेल सामग्री और मैदान की आवश्यकता बताई।

इस पर श्री साव ने सभी 16 टीमों को क्रिकेट किट उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही खेल मैदान की मांग पर कलेक्टर को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देने का आश्वासन भी दिया।उप मुख्यमंत्री इन दिनों चार दिवसीय बस्तर प्रवास पर हैं। इस दौरान वे विभिन्न निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं तथा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें लेकर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा भी ले रहे हैं। उनका फोकस लंबित और अप्रारंभ कार्यों को तेजी से पूरा कराने पर है।
जंगलों के बीच युवाओं के साथ क्रिकेट खेलते उप मुख्यमंत्री की यह तस्वीर बस्तर में बदलते माहौल, बढ़ती खेल गतिविधियों और विकास की नई दिशा को दर्शाती है।
