पंचायत में वित्तीय गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई: पूर्व सरपंच और सचिव से होगी 2.18 लाख की वसूली, सचिव निलंबित
दुर्ग। पंचायतों में वित्तीय अनियमितताओं के मामलों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जनपद पंचायत दुर्ग की जांच में वित्तीय गड़बड़ी प्रमाणित होने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बजरंग दुबे ने पूर्व सरपंच और पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं।2 जून को जारी आदेश के अनुसार पंचायत सचिव पुष्पा सोनबेर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वहीं पूर्व सरपंच ललिता गजपाल एवं सचिव पुष्पा सोनबेर को वित्तीय अनियमितता के मामले में 1 लाख 9 हजार 34 रुपये-रुपये जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों से कुल 2 लाख 18 हजार 68 रुपये की वसूली की जाएगी।जानकारी के मुताबिक जनपद पंचायत दुर्ग की जांच टीम ने संबंधित ग्राम पंचायत के कार्यों और वित्तीय अभिलेखों की जांच की थी। जांच में वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद उप संचालक आकाश सोनी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन एवं अनुशंसा के आधार पर कार्रवाई की गई।
आदेश के तहत निलंबित सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत दुर्ग निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा तथा सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।जिला पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम एवं सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत की गई है। प्रशासन का कहना है कि पंचायतों में वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अनियमितता करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को पंचायतों में सुशासन और वित्तीय पारदर्शिता स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
