मुनमुना संकुल अंतर्गत प्राथमिक शाला मुनमुना में आज विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कबीरधाम / लगातार तीन वर्षो से कक्षा पाँचवी में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को प्रधान पाठक श्री अतुल तिवारी जी के द्वारा चांदी का सिक्का देकर सम्मानित किया जाता रहा है तदानुक्रम में आज विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री दीपक ठाकुर पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एमके गुप्ता, पूर्व खंड स्रोत समन्वयक श्री अर्जुन चंद्रवंशी एवं संकुल शैक्षिक समन्वयक श्री रघुनंदन गुप्ता जी की गरिमामय उपस्थिति में 91% अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कु. भूमि एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली दो छात्रा कु. आकांक्षा एवं कु. आराध्या को चांदी का सिक्का भेंट कर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के तेरी चित्र की पूजा अर्चना एवं वंदना के साथ हुआ तत्पश्चात संस्था के शिक्षकों के द्वारा श्री एमके गुप्ता (सहायक संचालक कबीरधाम), श्री दीपक ठाकुर (वि.खंड शिक्षा अधिकारी पंडरिया), एवं श्री अर्जुन चंद्रवंशी जी का तिलक लगाकर श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थी सम्मान समारोह के इस अवसर पर सहायक संचालक श्री गुप्ता जी ने कहा की मुनमुना संकुल का नाम 2016 से जिले में एक अलग स्थान बनाया हुआ है।
तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी श्री सतीश पांडे जी के कार्यकाल में जब शिक्षा मड़ाई का आयोजन हुआ उस समय शिक्षा गुणवत्ता तथा विभिन्न गतिविधियों के साथ बुनियादी सुविधाओं एवं प्राकृतिक वातावरण से परिपूर्ण विद्यालयों का चयन करना था, जिसमें मुनमुना विद्यालय का नाम आया और तब से लेकर आज तक अपने इस गौरव को संजोकर रखा हुआ है। निश्चित ही इस विद्यालय एवं संकुल के सभी शिक्षक शासन के मंसानुरूप बच्चों में शिक्षा एवं विभिन्न पाठयेत्तर गतिविधियों में अग्रणी रहेंगे।
विख शिक्षा अधिकारी श्री ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान केवल इन तीन बच्चों का नहीं है, बल्कि आने वाले समय में आप सभी को अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण होना है, जिससे कि आप सभी सम्मानित हो सकें। यह भी एक कंपटीशन है जिस प्रकार हम दौड़ लगाते हैं सभी बच्चे चाहते हैं कि हम प्रथम आएं। इसीप्रकार आप सभी बच्चों को इस वर्ष पढ़ाई में 90% से अधिक अंकों के साथ उत्तीर्ण होने की शुभकामनाएं ज्ञापित किये। उपस्थित शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि “एक पेंड़ माँ के नाम” पर बच्चों को उनके जन्मदिन पर पौधरोपण का कार्य कराते हुए फोटो साझा करने हेतु निर्देशित किये।
कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित अधिकारियों में श्री एम के गुप्ता (सहायक संचालक), श्री दीपक ठाकुर विकास खंड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य श्रीमती हेमलता टंडन, शैक्षिक समन्वयक श्री रघुनन्दन गुप्ता, एवं पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक श्री लखनलाल चंद्रवंशी, श्रीमती भुनेश्वरी घृतलहरे, श्री खड़ानन कश्यप, श्रीमती प्रणिता बर्मन एवं संकुल के अलग-अलग स्कूलों से आए प्रधान पाठक श्री गणेशराम धुर्वे, श्री धर्मराज वर्मा, श्री जितेंद्र चतुर्वेदी एवं अन्य शिक्षक तथा कर्मचारियों को प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक श्री अतुल तिवारी जी के द्वारा चावल, दाल, मटर पनीर की सब्जी, पूड़ी, सलाद, पापड़ एवं गुलाब जामुन का नेवता भोज कराया गया।
अधिकारियों के द्वारा संकुल केंद्र मुनमुना का एवं जर्जर भवन का निरीक्षण कर पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण की जानकारी लेते हुए कमी होने पर कार्यालय को अवगत कराने तथा पुराने जर्जर भवन के बाहर ताला लगाकर उक्त भवन के दीवार पर “शाला संचालन नहीं करने” का लेखन कराने हेतु निर्देशित किया गया।
