IGKV में परीक्षा परिणामों पर ABVP का विरोध, 107 में से 100 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण घोषित कुलपति को ज्ञापन सौंपकर निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन की मांग
, दो से बढ़ाकर चार विषयों में पुनर्मूल्यांकन और अभिभावकों के साथ उत्तर-पुस्तिकाएं देखने की सुविधा पर बनी सहमति

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर के परीक्षा परिणामों में कथित अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई है। अभाविप के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों की निष्पक्ष जांच, निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन और उत्तर-पुस्तिकाओं की छायाप्रति उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगें रखीं।
इस दौरान विद्यार्थियों के हित में कई महत्वपूर्ण मांगों पर कुलपति की सहमति मिलने की जानकारी दी गई।मामले में कांकेर कृषि महाविद्यालय का परीक्षा परिणाम विशेष रूप से चर्चा में है, जहां 107 विद्यार्थियों में से 100 विद्यार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई है। अभाविप का आरोप है कि परीक्षा में उपस्थित रहने के बावजूद कई विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्शाया गया है। वहीं, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को एक साथ छह से आठ विषयों में अनुत्तीर्ण अथवा एटीकेटी (ATKT/बैक) घोषित किए जाने की शिकायतें भी मिली हैं। परिषद ने इन मामलों की जांच कर संभावित मूल्यांकन त्रुटियों को दूर करने की मांग की है।
निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन सहित रखीं प्रमुख मांगेंअभाविप ने ज्ञापन के माध्यम से परीक्षा में उपस्थित विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्शाए जाने के मामलों में अभिलेखों की तत्काल जांच कर परिणामों में सुधार करने की मांग की। इसके साथ ही प्रभावित विद्यार्थियों की उत्तर-पुस्तिकाओं का निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन कराने, जांची गई उत्तर-पुस्तिकाओं की छायाप्रति उपलब्ध कराने तथा मूल्यांकन में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार परीक्षकों एवं संबंधित मूल्यांकन केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग उठाई गई।
दो से बढ़ाकर चार विषयों में पुनर्मूल्यांकन पर सहमतिप्रतिनिधिमंडल के अनुसार, कुलपति ने विद्यार्थियों के हित में उत्तर-पुस्तिकाओं के निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन, पुनर्मूल्यांकन के लिए निर्धारित विषयों की सीमा दो से बढ़ाकर चार करने तथा विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों के साथ विश्वविद्यालय पहुंचकर उत्तर-पुस्तिकाएं देखने की सुविधा देने पर सहमति जताई। इन निर्णयों के संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा औपचारिक आदेश जारी किए जाने की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा है मामला: प्रथम राव फुटानेअभाविप छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फुटाने ने कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों में गंभीर त्रुटियों की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि कांकेर कृषि महाविद्यालय में 107 में से 100 विद्यार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किए जाने के मामले को लेकर विद्यार्थी परिषद ने पहले भी आंदोलन किया था। इसके बाद प्रदेश के विभिन्न कृषि महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी इसी तरह की समस्याओं से परिषद को अवगत कराया।

इसी के परिणामस्वरूप प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति से मुलाकात कर विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान की मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान अभाविप छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फुटाने, अभाविप आईजीकेवी इकाई के अध्यक्ष एवं जिला संयोजक शिवम योगी, भाग मंत्री प्रेम साहू, राहुल शर्मा, सिद्धार्थ सिंह, मानसी यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

