ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करें सभी ग्राम पंचायतें : सीईओ अभिषेक अग्रवाल

कबीरधाम, 11 जून। जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिषेक अग्रवाल ने विकासखंड बोड़ला के ग्राम पंचायत भलपहरी एवं नेउरगांवकला का दौरा कर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोबरधन योजना के तहत स्थापित गोबर गैस प्लांट तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने सरपंच, सचिव, पंचों एवं ग्रामीणों को घर-घर कचरा संग्रहण, प्रत्येक परिवार से यूजर चार्ज लेने तथा स्वच्छता कार्यों में महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिला समूहों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की व्यवस्था पर भी जोर दिया।श्री अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ गांव का निर्माण तभी संभव है, जब ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग प्राप्त हो।
उन्होंने ग्रामीणों से गीले, सूखे, सैनिटरी एवं विशेष कचरे का पृथक-पृथक संग्रह एवं उचित निपटान करने की अपील की। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा स्वच्छता गतिविधियों में महिलाओं और स्वच्छाग्रहियों की सहभागिता बढ़ाने पर बल दिया।उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जन आंदोलन है।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
