सत्तीचौरा में महाकाल स्वरूप में हुआ बाबा का दिव्य श्रृंगार, महाआरती में उमड़े श्रद्धालु 26 अगस्त को शिवनाथ नदी से निकलेगी कांवड़ यात्रा, सत्तीश्वर महादेव को अर्पित किया जाएगा जल
दुर्ग। सावन मास के अंतिम सोमवार की संध्या गंजपारा स्थित सत्तीचौरा में सत्तीश्वर महादेव का भव्य एवं दिव्य श्रृंगार कर महाआरती की गई। बाबा को उज्जैन के महाकाल स्वरूप में सजाया गया। इस अद्भुत श्रृंगार के दर्शन और महाआरती में गंजपारा सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी शामिल हुए।सत्तीचौरा में स्थापित सत्तीश्वर महादेव का शिवलिंग 100 वर्ष से अधिक पुराना बताया जाता है। मान्यता है कि यह शिवलिंग जमीन की खुदाई के दौरान प्रकट हुआ था और श्रद्धालु इसे मनोकामना सिद्ध शिवलिंग के रूप में पूजते हैं।
गंजपारा सहित आसपास के भक्त प्रतिदिन यहां पहुंचकर बाबा की पूजा-अर्चना करते हैं। चार सोमवार, चार अलग-अलग स्वरूप सावन माह के प्रत्येक सोमवार को सत्तीश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। पहले सोमवार को बाबा का फूलों से, दूसरे सोमवार को बेलपत्र एवं विशेष वस्त्रों से तथा तीसरे सोमवार को फलों से श्रृंगार किया गया। सावन के अंतिम एवं चौथे सोमवार को बाबा को उज्जैन के महाकाल के स्वरूप में सजाया गया।
विशेष श्रृंगार के बाद महाकाल मंदिर में होने वाली आरती की तर्ज पर सत्तीचौरा में सत्तीश्वर महादेव की भव्य महाआरती की गई। आरती के दौरान पूरा परिसर बाबा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को मिष्ठान, पोहा, चॉकलेट, नमकीन एवं फल का प्रसाद वितरित किया गया।चौथे सोमवार को मंदिर के पुजारी सुनील पांडेय ने विशेष पूजा-अर्चना कराई, जबकि आदित्य चतुर्वेदी ने बाबा का महाकाल स्वरूप में विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार किया।
आयोजन में राजेश शर्मा, सुरेश गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, गोपाल शर्मा, मनीष सेन, प्रकाश सिन्हा, नरेंद्र शर्मा, सोनल सेन, घनश्याम पंड्या, प्रकाश टावरी, मोहित पुरोहित, ऋषि गुप्ता, सुजल शर्मा, सुंदर गुप्ता, दुर्गा कश्यप, प्रशांत कश्यप, जीवन राजपूत, बिरजू यादव, दीनानाथ ढीमर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
26 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रासावन मास के समापन के अवसर पर 26 अगस्त बुधवार को सत्तीश्वर महादेव के भक्तों द्वारा भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवनाथ नदी से बाजे-गाजे और बाबा के जयकारों के बीच पवित्र जल लेकर श्रद्धालु सत्तीचौरा पहुंचेंगे और सत्तीश्वर महादेव को जल अर्पित करेंगे।यह कांवड़ यात्रा का तीसरा वर्ष होगा। इसमें गंजपारा के साथ-साथ शहर के अन्य वार्डों से भी बड़ी संख्या में बाबा के भक्त कांवड़ लेकर शामिल होंगे।
यात्रा शिवनाथ नदी तट से प्रारंभ होकर गंजपारा के मुख्य मार्गों से होते हुए सत्तीचौरा स्थित सत्तीश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा बाबा का जलाभिषेक किया जाएगा।आयोजकों ने शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर बाबा सत्तीश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।
