बी.व्ही.एस.सी. एण्ड ए.एच. पाठ्यक्रम में 148 सीटों पर प्रवेश, ऑनलाइन पंजीयन 10 सितंबर तक
दुर्ग। दाऊ श्री वासुदेव चन्द्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग के अंतर्गत पशु चिकित्सा एवं पशु पालन महाविद्यालय, दुर्ग एवं बिलासपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बी.व्ही.एस.सी. एण्ड ए.एच. स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। NEET UG 2026 की प्रावीण्यता सूची के आधार पर दोनों महाविद्यालयों में कुल 148 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
पंजीयन के आधार पर प्रवेश काउंसिलिंग 29 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे पशु चिकित्सा एवं पशु पालन महाविद्यालय, अंजोरा, दुर्ग में शुरू होगी। सीटें रिक्त रहने की स्थिति में द्वितीय काउंसिलिंग 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।विश्वविद्यालय द्वारा प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, अनिवार्य अर्हताएं, विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध सीटों की संख्या, शुल्क एवं अन्य प्रवेश नियमों की विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट dsvckvdurg.ac.in एवं cgkvmis.cg.nic.in का अवलोकन कर प्रवेश से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि काउंसिलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आगामी सभी सूचनाएं केवल विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएंगी। इसलिए सभी आवेदकों को नियमित रूप से वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।
यह जानकारी विश्वविद्यालय जनसंपर्क अधिकारी डॉ. दिलीप चौधरी ने दी।
