रायपुर। सुशासन तिहार और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत अगले तीन महीनों तक शासकीय कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है।जारी निर्देशों के अनुसार, बिना पूर्व अनुमति के अवकाश लेने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, बिना सूचना के अनुपस्थित रहने की स्थिति में इसे “ब्रेक इन सर्विस” माना जाएगा, जिससे सेवा संबंधी लाभ प्रभावित हो सकते हैं।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि आकस्मिक अवकाश लेने की स्थिति में भी संबंधित अधिकारी को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा। वहीं, लंबी छुट्टी पर जाने से पहले कर्मचारियों को अपना कार्यभार किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी को विधिवत सौंपना होगा।यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि सुशासन तिहार और जनगणना जैसे अहम प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए और कार्य समय पर पूर्ण हो सकें।
