संतान संबंधी जानकारी छिपाना पड़ा भारी: सहायक शिक्षक हंसराज सिंह निलंबित

बलरामपुर। जिला शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक शिक्षक हंसराज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर नियुक्ति के समय संतान संबंधी जानकारी छिपाने का आरोप है।जांच में सामने आया कि नियुक्ति के समय शिक्षक की पहले से चार संतान थीं। इसके अलावा निर्धारित तिथि के बाद उनकी तीन और संतान होने की जानकारी भी मिली।
विभाग का आरोप है कि प्रचलित नियमों के अनुसार तीसरी संतान के बाद नियुक्ति के लिए अभ्यर्थी अपात्र हो जाता है, लेकिन इस तथ्य को छिपाकर नियुक्ति प्राप्त की गई।मामले की जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि के दौरान हंसराज सिंह का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय, शंकरगढ़ निर्धारित किया गया है।
इस कार्रवाई को जिला शिक्षा विभाग की बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई माना जा रहा है।
