एक्सप्रेस-वे में नियम विरुद्ध रास्ता खोलने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, PWD के खिलाफ खोला मोर्चा

एक्सप्रेस-वे में नियम विरुद्ध रास्ता खोलने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, PWD के खिलाफ खोला मोर्चा

रायपुर। सिटी सेंटर मॉल के सामने बने एक्सप्रेस-वे में कथित रूप से नियमों के विपरीत रास्ता खोले जाने को लेकर कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोड प्रतिरोधक बैरिकेड को दोबारा लगाकर लोक निर्माण विभाग (PWD), PWD मंत्री और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेस-वे जैसे बड़े सार्वजनिक प्रोजेक्ट में तकनीकी नियमों को दरकिनार कर कुछ रसूखदार लोगों, निजी बिल्डरों और भू-माफियाओं को लाभ पहुंचाने के लिए बीच रास्ते को खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से बनने वाले प्रोजेक्ट्स का उपयोग निजी हितों के लिए नहीं होना चाहिए।उन्होंने कहा कि इस तरह बीच में रास्ता खोलने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ेगा और आम लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि PWD के कुछ अधिकारी निजी फायदे और मिलीभगत के चलते पूरे प्रोजेक्ट की दिशा बदल रहे हैं।विकास उपाध्याय ने मांग की कि एक्सप्रेस-वे के मूल सर्वे और वर्तमान बदलावों की निष्पक्ष जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी या विजिलेंस टीम से कराई जाए। साथ ही जिन अधिकारियों ने तकनीकी मानकों को नजरअंदाज कर यह बदलाव किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने एक्सप्रेस-वे से जुड़ी फिजिबिलिटी रिपोर्ट और नक्शा सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने मामले पर जल्द संज्ञान नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी संबंधित PWD अधिकारियों के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से थाने में FIR दर्ज कराएगी।प्रदर्शन में सोमेन चटर्जी, हजरून बानो, कुलदीप ध्रुव, शेख मुशीर, महताब हुसैन, कुणाल दुबे, तनिष्क मिश्रा, आदर्श राव शिंदे, रौनक तनवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?