शैक्षणिक गुणवत्ता पर जोर, तीन संकुलों की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्नपूर्व शैक्षिक समन्वयक रामानुज राजपूत का शाल-श्रीफल से सम्मानपूर्वक विदाई समारोह

पंडरिया। विकासखंड अंतर्गत संकुल चतरी, कोदवागोदान एवं सरईसेत की संयुक्त समीक्षा बैठक सरईसेत में आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, सीखने के स्तर में सुधार तथा नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।समीक्षा बैठक के दौरान विद्यालयों के शैक्षणिक परिणाम, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, नामांकन, मध्यान्ह भोजन, शिक्षक उपस्थिति तथा आगामी शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधान पाठकों से शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।बैठक में संकुल समन्वयक बृजमोहन गायकवाड़ (चतरी), राजकुमार साहू (कोदवागोदान) एवं रोशन सिंह राजपूत (सरईसेत) सहित तीनों संकुलों के सभी प्रधान पाठक उपस्थित रहे।बैठक के अंत में पूर्व शैक्षिक समन्वयक श्री रामानुज राजपूत को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए भावभीनी विदाई दी गई।

उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। कार्यक्रम आत्मीयता, सम्मान और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
