शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर: बीईओ दीपक ठाकुर ने संस्था प्रमुखों की बैठक में दिए आवश्यक निर्देश
पंडरिया, 7 जुलाई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर की अध्यक्षता में मंगलवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पंडरिया में संकुल केंद्र पंडरिया एवं सोनपुरी के समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के संस्था प्रमुखों की अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई।बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
बैठक में शिक्षा सत्र 2026-27 को “गुणवत्ता वर्ष” के रूप में प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष चर्चा की गई।विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर ने विद्यालयों की मूलभूत सुविधाएं, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं अध्यापन कार्य, प्रधान पाठकों की जिम्मेदारियां, शाला प्रबंधन, विभागीय ऑनलाइन कार्यों की समयबद्ध पूर्ति, पाठ्य पुस्तकों की शत-प्रतिशत स्कैनिंग तथा यू-डाइस प्रोग्रेशन शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों की भाषा, गणित एवं अंग्रेजी विषयों में बुनियादी दक्षता विकसित करने पर विशेष बल देते हुए लेखन, इमला तथा कक्षा अनुरूप पहाड़ों का ज्ञान अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर के प्रत्येक विद्यार्थी को 1 से 20 तथा माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को 1 से 25 तक के पहाड़े अच्छी तरह याद होने चाहिए, जिससे उनकी गणितीय क्षमता मजबूत हो सके।बैठक में संकुल प्राचार्य विकास शुक्ला (पंडरिया), बसंत डोरे (सोनपुरी), संकुल समन्वयक उत्तम लॉयल, काशीराम गोयल सहित पंडरिया एवं सोनपुरी संकुल के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के संस्था प्रमुख उपस्थित रहे।
बैठक का समापन सभी संस्था प्रमुखों को गुणवत्ता आधारित शिक्षण एवं विभागीय कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन के विशेष निर्देशों के साथ किया गया।
