रक्षाबंधन की देर रात युवक की बेरहमी से हत्या, ट्विन सिटी में बढ़ते अपराध से दहशत
दुर्ग। रक्षाबंधन के पर्व के बीच दुर्ग शहर में देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। घटना दुर्ग के नयापारा क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां खाना खाकर लौट रहे कुछ दोस्तों को अज्ञात युवकों ने रास्ते में रोक लिया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी और गाली-गलौज का विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान हमलावरों ने धन्ना चौधरी पर चाकू और पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।हत्या की सूचना मिलते ही दुर्ग कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में शामिल होने के संदेह में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद के पीछे आपसी कहासुनी की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की भूमिका का पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।रक्षाबंधन की देर रात हुई इस हत्या की घटना से नयापारा समेत आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। ट्विन सिटी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ रही है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही पूरी वारदात का खुलासा कर सकती है।
