तेज रफ्तार चावल से भरे कंटेनर ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत
लोरमी। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक बार फिर सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। लोरमी क्षेत्र में चावल से भरे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे जुनापारा चौकी क्षेत्र में पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से अथवा पीछे की ओर से आ रहे चावल से भरे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए लोरमी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
उपचार के दौरान उसकी भी मौत होने की जानकारी सामने आई है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में पंकज गोंड सहित एक अन्य युवक के कठमुड़ा निवासी होने की बात सामने आ रही है। वहीं उपचार के दौरान दम तोड़ने वाले युवक के बुधवारा निवासी होने की जानकारी मिल रही है। बताया जा रहा है कि वह मेहमान के रूप में कठमुड़ा गया था। हालांकि, जुनापारा पुलिस ने अभी तक मृतकों के नाम और पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।घटना की सूचना मिलते ही जुनापारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद वाहन चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
