बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, जंगल में जमीन के नीचे छिपाया गया विस्फोटक डंप बरामद
955 डेटोनेटर सहित भारी मात्रा में विस्फोटक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त, जिला बल और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त कार्रवाई
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना उसूर क्षेत्र के ग्राम पुजारीकांकेर के पहाड़ी-जंगली इलाके में माओवादियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया विस्फोटक और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री का डंप बरामद किया गया है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान 455 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 500 नग नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर समेत भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, 204 कोबरा बटालियन की आसूचना शाखा से प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर जिला बल और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने ग्राम पुजारीकांकेर के दक्षिण-पूर्व दिशा में जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया संदिग्ध डंप मिला। सुरक्षा के मद्देनजर सावधानीपूर्वक तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।
बरामद सामग्री में 455 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 500 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 2 मल्टीमीटर, रेडियो सेट बैटरी चार्जर, कॉपर प्रोटोटाइपिंग बोर्ड (PCB), मल्टी USB पोर्ट कार्ड रीडर, मोबाइल चार्जर, लैपटॉप एडाप्टर, FM/AM पावर एंटीना, टेलीस्कोपिक एंटीना, डेटा केबल, करीब 8 मीटर इलेक्ट्रिक वायर, रिले कंट्रोल सर्किट बोर्ड, स्नैप हुक और नक्सल साहित्य शामिल हैं।सुरक्षाबलों की संयुक्त कार्रवाई को नक्सल गतिविधियों के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
थाना उसूर पुलिस द्वारा बरामद विस्फोटक एवं अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
