जरूरतमंदों की दिवाली की फिक्र: 9 वर्षों से खुशियां बांट रही जन समर्पण सेवा संस्था, 200 से अधिक बच्चों और 200 बुजुर्गों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान कपड़े, मिठाइयां, पटाखे और जरूरत का सामान बांटकर मनाई खुशियों की दीपावली, वृद्धाश्रमों से लेकर फुटपाथों तक पहुंची सेवा की ।

दुर्ग/ दीपावली का त्योहार हर किसी के जीवन में खुशियों का उजाला लेकर आता है। इस पर्व पर लोग अपने परिवार और प्रियजनों के साथ खुशियां मनाते हैं, नए कपड़े पहनते हैं और मिठाइयों का आनंद लेते हैं। लेकिन समाज में आज भी ऐसे अनेक जरूरतमंद परिवार, बच्चे, बुजुर्ग और असहाय लोग हैं, जिनके लिए दो वक्त की रोटी जुटाना ही सबसे बड़ी चुनौती होती है।

ऐसे में दीपावली की खुशियां उनके जीवन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास दुर्ग की जन समर्पण सेवा संस्था द्वारा किया जा रहा है। संस्था ने हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी जरूरतमंदों के साथ खुशियों की दीपावली मनाई और उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।जन समर्पण सेवा संस्था द्वारा दीपावली के अवसर पर 5 नवंबर से 9 नवंबर तक विशेष सेवा अभियान चलाया गया। इस दौरान संस्था के सदस्य शहर एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों, वृद्धाश्रमों, बाल आश्रमों, अनाथ एवं असहाय महिलाओं के आश्रय स्थलों, अस्पतालों तथा फुटपाथों पर पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को दीपावली मनाने के लिए आवश्यक सामग्री वितरित की। इसमें नए कपड़े, मिठाइयां, नमकीन, पटाखे, बिस्किट, चॉकलेट, साबुन, निरमा सहित दैनिक उपयोग की अन्य जरूरी सामग्री शामिल रही।

संस्था के अध्यक्ष एवं संस्थापक योगेन्द्र शर्मा बंटी ने बताया कि संस्था पिछले आठ वर्षों से लगातार जरूरतमंद बच्चों और बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां बांटने का प्रयास कर रही है। इस वर्ष भी संस्था के सदस्यों ने 200 से अधिक बच्चों तथा 200 से अधिक बुजुर्ग पुरुषों एवं महिलाओं तक पहुंचकर उन्हें नए कपड़े, मिठाइयां, नमकीन और अन्य उपहार प्रदान किए। संस्था के सदस्यों ने केवल सामग्री वितरित करने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि जरूरतमंदों के बीच समय बिताया, बच्चों और बुजुर्गों की पसंद का नाश्ता कराया तथा उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
योगेन्द्र शर्मा बंटी ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब समाज का अंतिम व्यक्ति भी इस पर्व को खुशी और सम्मान के साथ मना सके। हमारे घरों में बच्चे दीपावली पर नए कपड़े पहनते हैं, मिठाइयां खाते हैं और पटाखे जलाकर खुशियां मनाते हैं, लेकिन कई ऐसे अनाथ बच्चे, एकल अभिभावक वाले परिवार और आर्थिक रूप से कमजोर लोग हैं, जो अपनी जरूरतें भी पूरी नहीं कर पाते। ऐसे परिवारों के बच्चों और बुजुर्गों को भी त्योहार की खुशियों से जोड़ना ही संस्था का उद्देश्य है।उन्होंने बताया कि जन समर्पण सेवा संस्था केवल दीपावली या किसी विशेष पर्व पर ही सेवा कार्य नहीं करती, बल्कि पिछले 9 वर्ष 11 माह से लगातार 365 दिन जरूरतमंदों की सेवा में जुटी हुई है।
संस्था द्वारा दुर्ग रेलवे स्टेशन सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर अस्थायी रूप से निवास करने वाले मजदूरों, असहाय लोगों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों को प्रतिदिन रात्रि में निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्था के युवा सदस्य बिना किसी अवकाश के नियमित रूप से इस सेवा कार्य को संचालित कर रहे हैं।संस्था की ओर से पिछले नौ वर्षों से दीपावली पर जरूरतमंदों को नए कपड़े, मिठाइयां और पटाखे वितरित करने की परंपरा भी निभाई जा रही है। इस वर्ष इसे और व्यापक स्वरूप देते हुए खुशियों की दीपावली सप्ताह के रूप में मनाया गया। 5 से 9 नवंबर तक दुर्ग वृद्धाश्रम, अनाथ एवं असहाय महिलाओं के आश्रय स्थल, भिलाई वृद्धाश्रम, बाल आश्रम सहित दुर्ग-भिलाई के विभिन्न फुटपाथों और जरूरतमंद बस्तियों में पहुंचकर सेवा कार्य किया गया।संस्था के सदस्यों का मानना है ।
कि सामाजिक सेवा का सबसे बड़ा उद्देश्य जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। मानवता और सेवा भाव को सर्वोपरि मानते हुए जन समर्पण सेवा संस्था लगातार इस दिशा में काम कर रही है। संस्था का यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों की दीपावली को रोशन कर रहा है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सेवा और सहयोग के लिए प्रेरित कर रहा है।इस सेवा अभियान में संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा बंटी के साथ आशीष मेश्राम, राजेन्द्र ताम्रकार, अर्जित शुक्ला, सुजल शर्मा, प्रकाश कश्यप, अख्तर खान, अंकेश पेशवानी, मृदुल गुप्ता, रूपल गुप्ता, ऋषि गुप्ता, मोहित पुरोहित, वाशु शर्मा, वेदांत शर्मा, संजय सेन, अनस खान, हर्ष पाण्डेय, मोंटू गुप्ता, हरीश ढीमर, दद्दू ढीमर, शुभम सेन, भागवत पटेल, हेमंत ढीमर, प्रकाश ठाकुर, सार्थक शर्मा, मोक्ष शर्मा सहित संस्था के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
