कामठी स्कूल में लगा बाल आनंद मेला, विद्यार्थियों ने लगाए व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल

कामठी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी में बाल दिवस के अवसर पर आज बाल आनंद मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी-अपनी टोलियां बनाकर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए और आकर्षक स्टॉल लगाए।मेले में विद्यार्थियों द्वारा गुझिया, ब्रेड पकोड़ा, आलू पकोड़ा, भाटा भजिया, चना चरपटी, चौसेला, गुलाब जामुन, पास्ता, गुपचुप, भेल, साबूदाना बड़ा, दाल बड़ा, मिर्ची पकोड़ा, नारियल खीर, सलौनी, प्याज भजिया, जलेबी और अंकुरित व्यंजनों सहित अनेक प्रकार के पकवानों के स्टॉल लगाए गए।

मेले में विद्यार्थियों के बनाए व्यंजनों का अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों ने स्वाद लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वनांचल क्षेत्र विधायक प्रतिनिधि श्री रामगोपाल वट्टी, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री द्वारिका विश्वकर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री दीपक ठाकुर, संस्था की प्राचार्य श्रीमती हेमलता टंडन एवं संकुल समन्वयक श्री रघुनंदन गुप्ता द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर किया गया।इस अवसर पर अतिथियों ने बाल आनंद मेले की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों में कौशल विकास, आर्थिक समझ, क्रय-विक्रय की जानकारी, व्यवहारिक ज्ञान और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।

जब बच्चे किसी कार्य को रुचि, उत्साह और जिम्मेदारी के साथ करते हैं तो उन्हें आनंद की अनुभूति होती है और वे अपने भविष्य के सपनों को साकार करने की दिशा में प्रेरित होते हैं।कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संकुल अंतर्गत विभिन्न संस्थाओं के शिक्षकों ने बच्चों के प्रत्येक स्टॉल से व्यंजन खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया। इससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।इस आयोजन में श्री राजेश शर्मा, श्री मनोज कुमार आदित्य, श्री तुलस चंद्राकर, श्री हीरालाल छापरिया, श्री यशवंत कुम्भकार, श्री सुमित पाण्डेय, श्री कोमल धृतलहरे सहित विद्यालय के समस्त कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। बाल आनंद मेले ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन के अनुभव और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान किया।
