पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार, फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम

नई दिल्ली/रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल किया है।
शुक्रवार को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य स्तर के दोनों पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को भी राष्ट्रीय सम्मान मिला। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने प्रथम और दंतेवाड़ा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, एक लाख से 10 लाख जनसंख्या वाले निकायों की श्रेणी में नगर निगम बिलासपुर को द्वितीय पुरस्कार मिला।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव का विषय है और यह योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नवाचारों का परिणाम है।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस उपलब्धि से प्रदेश में शहरी आजीविका और छोटे व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तीकरण को नई पहचान मिली है।
