भिलाई नगर पुलिस ने चोरी के मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार, 7.50 लाख का मशरुका बरामद
भिलाई नगर, 20 जून 2025 | हुडको क्षेत्र के मकान में सोने के जेवरात, लेपटॉप, एसी, बर्तन, सिलेंडर एवं कपड़े चोरी करने वाले सात आरोपियों समेत एक अपचारी बालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपीगण से चोरी में प्रयुक्त एक ऑटो, एक एक्टिवा व एक सेकंड हैंड फिएट कार सहित करीब 7.50 लाख रुपये का माल-मशरुका व नगद राशि जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी तिमिर भट्टाचार्जी (63), निवासी हुडको, भिलाई नगर द्वारा 13 जून 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 मई से 5 जून 2025 के मध्य उनके मकान से लेपटॉप, पुराना एसी, सिलेंडर, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान चोरी हो गया है। रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 248/2025 धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।विवेचना के दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि आरोपी आशीष दास उर्फ चिंटु अचानक एक फिएट कार से घूम रहा है।
पूछताछ करने पर आरोपी ने खुलासा किया कि 1 जून 2025 को उसने अपने साथी अमन सिंह, शशांक बाघ, जैकी चंदेल, जितेन्द्र चंदेल और कार्तिक कुमार के साथ मिलकर हुडको स्थित खाली क्वार्टर में चोरी की योजना बनाई थी। रात्रि में एसी, गैस सिलेंडर, लेपटॉप, बर्तन, कपड़े तथा अलमारी से सोने की चुड़ी व लॉकेट चुराए। चोरी किए सामान को अमन सिंह की एक्टिवा व जितेन्द्र चंदेल के ऑटो में ले जाया गया।आरोपीगण ने चोरी किए माल को आपस में बांट लिया।
सोने के गहनों को आरोपी शिवान सतपथी के साथ मिलकर बेच दिया गया तथा प्राप्त रकम में से 15,000 रुपये शिवान को दिए गए। बाकी रकम से आरोपी आशीष ने सेकंड हैंड काले रंग की फिएट कार (क्रमांक CG 04 DL 0330) खरीदी।गिरफ्तार आरोपीगणों में आशीष दास उर्फ चिंटु (25), अमन सिंह (21), शशांक बाघ (29), जैकी चंदेल (22), जितेन्द्र चंदेल उर्फ जीतु (31) एवं शिवान सतपथी (33) शामिल हैं। सभी आरोपीगणों से 7.50 लाख रुपये का चोरी गया माल-मशरुका जब्त किया गया है।इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस व एसीसीयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
