दुर्ग जिला साहू संघ की कार्यकारिणी का विस्तार, महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियाँ धनंजय साहू बने व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक, लिलेश्वरी साहू को महिला संयोजिका की जिम्मेदारी
दुर्ग जिला साहू संघ द्वारा संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। इस क्रम में रविवार को साहू सदन, केलाबाड़ी में आयोजित बैठक के दौरान संघ अध्यक्ष नंदलाल साहू ने समाज के सक्रिय, कर्मठ एवं ऊर्जावान युवा धनंजय लल्लन साहू को जिला साहू संघ के व्यापार प्रकोष्ठ का संयोजक नियुक्त किया।
साथ ही लिलेश्वरी साहू को महिला संयोजिका के महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।नियुक्ति अवसर पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में नवनियुक्त व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक धनंजय साहू का माला पहनाकर सम्मान किया गया। उपस्थित समाजजनों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संघ अध्यक्ष नंदलाल साहू ने कहा कि धनंजय साहू समाज के बीच एक सक्रिय एवं जमीनी कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनसे अपेक्षा है कि वे सामाजिक नियमावली एवं मान्य परंपराओं का पालन करते हुए समाज के व्यापारियों को संगठित करेंगे तथा व्यापार प्रकोष्ठ को नई दिशा और गति प्रदान करेंगे। वहीं महिला संयोजिका के रूप में लिलेश्वरी साहू महिलाओं को संगठित कर समाजहित में प्रभावी भूमिका निभाएंगी।
समाज के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त पदाधिकारी समाज की गतिविधियों में पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं सक्रियता से योगदान देंगे और साहू समाज के संगठनात्मक व व्यापारिक ढांचे को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। इन नियुक्तियों से समाज के युवाओं एवं व्यापारियों में विशेष उत्साह का माहौल देखा गया।
