सुशासन तिहार शिविर में त्वरित समाधान, 30 युवाओं को मिला लर्निंग लाइसेंस
दुर्ग। नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत सुशासन तिहार 2026 के तहत विवेकानंद सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में प्रशासन सक्रिय नजर आया। शिविर में कुल 619 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 475 मांग एवं 144 शिकायतों से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
शिविर में निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल एवं लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर ने कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, मो. सलीम सिद्दीकी और सहायक अभियंता गिरीश दीवान की मौजूदगी में नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, राजस्व, बिजली, सड़क, नाली निर्माण एवं अतिक्रमण संबंधी आवेदन प्राप्त हुए।कार्यक्रम के दौरान 30 युवाओं को लर्निंग लाइसेंस तथा 3 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए।
अधिकारियों ने आवेदकों को भरोसा दिलाया कि समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य शासन की सुविधाओं को सीधे वार्ड स्तर तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। महिलाओं को पोषण किट, फल एवं आयरन-कैल्शियम की गोलियां वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन नागरिकों के द्वार तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है और शिविरों में अधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर नरेंद्र बंजारे, सजान जोसफ, दीपक साहू, गुलाब वर्मा, मनीष कोठारी, सविता साहू सहित संबंधित वार्डों के पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
