दुर्ग : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत भिलाई में रंगोली व पेंटिंग प्रतियोगिता, छात्रों ने दिया यातायात नियमों का संदेश
दुर्ग। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा शहीद पार्क, सेक्टर-5 भिलाई में “रोड सेफ्टी एवं ट्रैफिक रूल्स” थीम पर रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 28 विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 196 पेंटिंग एवं 35 रंगोली प्रविष्टियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा का प्रभावी संदेश दिया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हेलमेट के उपयोग, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, ओवरस्पीडिंग से बचाव, सुरक्षित ड्राइविंग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
रंगों और चित्रों के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित जीवन की कुंजी है।कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक समूह “स्वयं सिद्धा” द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, रैश ड्राइविंग न करने, ट्रिपल सवारी से बचने तथा ड्रिंक एंड ड्राइव न करने जैसे यातायात नियमों को प्रभावशाली तरीके से समझाया गया। साथ ही उपस्थित अभिभावकों को विशेष रूप से 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री ऋचा मिश्रा ने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए पूर्व में घटित सड़क दुर्घटनाओं के उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को यातायात नियमों का पालन अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
उन्होंने सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने का संदेश दिया गया।
