छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने खैरागढ़ जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, आंगनबाड़ी केंद्रों और छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

–अध्यक्ष संदीप शर्मा ने जालबांधा और करमतरा की राशन दुकानों का निरीक्षण करते हुए स्टॉक की स्थिति, वितरण व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण की जांच की। उन्होंने ई-पास मशीन में प्रत्येक वितरण की पावती दर्ज करने, स्टॉक का नियमित मिलान करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इसके बाद उन्होंने सलोनी क्रमांक-2 आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की।

उन्होंने पोषण आहार की गुणवत्ता बनाए रखने और शिकायत निवारण कॉल सेंटर की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें।जालबांधा बालिका छात्रावास के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने दैनिक मेन्यू के पालन, फोर्टिफाइड चावल की सही तैयारी तथा निर्धारित पोषण मानकों के कड़ाई से अनुपालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने छात्रावास में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
अध्यक्ष ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।निरीक्षण के दौरान खाद्य आयोग के सदस्य एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
