थाना अंडा में महिला कमांडो हेतु सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं प्रेरणा सम्मेलन आयोजित 500 से अधिक महिला कमांडो ने लिया भाग, आपदा प्रबंधन से लेकर नशा मुक्ति तक का मिला प्रशिक्षण
दुर्ग। दुर्ग पुलिस द्वारा दिनांक 20 फरवरी 2026 को थाना अंडा परिसर में महिला कमांडो के लिए सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं प्रेरणा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी शमशाद बेगम की गरिमामयी उपस्थिति रही।अंडा एवं आसपास के लगभग 40 ग्रामों से 500 से अधिक महिला कमांडो ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान एसडीआरएफ (SDRF) टीम द्वारा बाढ़, आगजनी, भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की तकनीक, प्राथमिक उपचार, आग से बचाव के उपाय तथा समन्वित राहत कार्य का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा संबंधी विधिक प्रावधानों, साइबर अपराध से बचाव, सामुदायिक पुलिसिंग, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा नशा मुक्ति अभियान की रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। महिला कमांडो को अपने-अपने ग्रामों में जागरूकता अभियान संचालित कर कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का संदेशएसएसपी विजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महिला कमांडो ग्रामीण समाज में सुरक्षा और जागरूकता की सशक्त आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित महिला कमांडो आपदा के समय त्वरित सहायता प्रदान करने के साथ-साथ नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा अभियानों को गांव-गांव तक प्रभावी बना सकती हैं।
उन्होंने प्रत्येक ग्राम में कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक समरसता और सुरक्षित वातावरण के निर्माण पर बल दिया।कार्यक्रम के समापन पर सभी महिला कमांडो ने “सशक्त नारी, सशक्त छत्तीसगढ़” एवं “नशा मुक्त समाज, सुरक्षित समाज” का सामूहिक संकल्प लिया।आयोजन में रही सक्रिय भागीदारीइस अवसर पर एसडीओपी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा, एसडीओपी पाटन अनुप लकड़ा, जिला सेनानी नगर सेना नागेंद्र सिंह, थाना प्रभारी अंडा पारस ठाकुर, पुलगांव एवं अंजोरा प्रभारी, थाना अंडा स्टाफ, महिला डेस्क टीम तथा एसडीआरएफ दल की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपीलदुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक समरसता के प्रयासों में सक्रिय सहयोग करें तथा किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
