सरकारी दर से अधिक वसूली: पंडरिया और कुई की शराब दुकानों में उपभोक्ताओं से 20 रुपये अतिरिक्त लेने का आरोप
पंडरिया (जिला कबीरधाम)। विकासखंड पंडरिया तथा समीपस्थ ग्राम कुई की देशी-विदेशी शराब दुकानों में सरकारी दर से अधिक वसूली का मामला सामने आया है। मदिरा प्रेमियों ने आरोप लगाया है कि 230 रुपये निर्धारित सरकारी मूल्य वाली शराब पर सेल्समैन द्वारा प्रति बोतल 20 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, बढ़ी हुई दरों को लेकर जब उपभोक्ताओं ने आपत्ति जताई तो पंडरिया की दुकान में सेल्समैन और ग्राहकों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी निर्मित हो गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि सभी ब्रांडों पर मनमाने तरीके से मूल्य बढ़ाकर वसूली की जा रही है।
मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास भी किया गया, किंतु आरोप है कि छत्तीसगढ़ राज्य आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका। फोन कॉल का जवाब न मिलने से उपभोक्ताओं में नाराजगी व्याप्त है।मदिरा प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी सेल्समैन तथा इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की मनमानी वसूली पर रोक लग सके।
