होली पर दुर्ग में सख्त सुरक्षा: एसपी-आईजी ने खुद संभाली कमान, 900 जवान तैनात
दुर्ग में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। संवेदनशील क्षेत्रों, पूर्व में अपराध प्रभावित स्थानों एवं अड्डेबाजी वाले इलाकों की पूर्व मैपिंग कर सतत निगरानी रखी जा रही है।पुलिस अधीक्षक ने सुपेला एवं भिलाई नगर थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर स्वयं मोटरसाइकिल से पेट्रोलिंग कर ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्कता, नियमित गश्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने भिलाई एवं छावनी सब डिवीजन का भ्रमण कर होली ड्यूटी में लगे बल और पेट्रोलिंग टीमों की समीक्षा की।संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। जिले में लगभग 900 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। त्वरित कार्रवाई के लिए “बाज़” विशेष क्विक रिस्पांस टीम को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पेट्रोलिंग टीम भी सक्रिय है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली के दौरान शांति बनाए रखें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
