मां को खाना नहीं परोसने पर पति ने की पत्नी की हत्या, 6 दिन बाद खुलासा
बालोद | छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने छह दिन बाद खुलासा किया है। मानसिक रूप से अस्वस्थ पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करते हुए गिरकर मौत होने की कहानी गढ़ी थी, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने रस्सी से गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।मामला बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम देवी नवागांव का है। आरोपी धर्मेंद्र निषाद (43) मजदूरी कर परिवार चलाता था।
23 फरवरी की शाम उसकी पत्नी सावित्री बाई निषाद (38) का शव तांदुला नदी किनारे संदिग्ध हालत में मिला था।घटनास्थल पर मिले संघर्ष के संकेतसूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 24 फरवरी को फॉरेंसिक और साइबर टीम ने जांच की। महिला के गले पर कसाव के निशान मिले। पास में चप्पल उल्टी पड़ी थी, एक हाथ की चूड़ी टूटी हुई थी और दूसरे हाथ की मुट्ठी में घास व मिट्टी दबी थी, जिससे संघर्ष की आशंका पुख्ता हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।
पहले बोला – गिरकर हुई मौतजांच के दौरान आरोपी ने दावा किया कि पत्नी मानसिक रूप से बीमार थी और गिरने से उसकी मौत हो गई होगी।
उसने यह भी कहा कि गिरते समय रस्सी गले में फंस गई होगी। लेकिन पुलिस को बयान संदिग्ध लगे। साक्ष्यों के आधार पर लगातार पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।खाना परोसने को लेकर होता था विवादआरोपी के मुताबिक, पत्नी पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अक्सर घर में विवाद होता था। वह उसकी बुजुर्ग मां को खाना नहीं परोसती थी और कई बार खाना बनाना भी बंद कर देती थी। 23 फरवरी की सुबह पत्नी के शौच के लिए निकलने पर आरोपी खेत पहुंचा और तांदुला नदी किनारे अरहर के खेत में साड़ी से फंदा बनाकर गला घोंट दिया। घटना के बाद तालाब में नहाकर घर लौट आया।हत्या के बाद रचा खोजबीन का नाटकहत्या के बाद आरोपी ने पत्नी की तलाश का नाटक किया।
रिश्तेदारों से पूछताछ की और साले को फोन कर मायके जाने की बात पूछी। शाम को गांव की महिलाओं ने झाड़ियों में शव देखा। आरोपी भी मौके पर पहुंचा और फोटो लेकर सरपंच को भेजा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।BNS की धारा 103 के तहत मामला दर्जएएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सच सामने आया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
