बकाया किराया नहीं चुकाने पर निगम की बड़ी कार्रवाई, मानस भवन के पास 16 गुमटियां सील बंद
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग ने बकाया किराया नहीं चुकाने वाले गुमटीधारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए मानस भवन के पास स्थित 16 अस्थायी गुमटियों को सीलबंद कर दिया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के सख्त निर्देश पर बाजार विभाग की टीम द्वारा की गई।जानकारी के अनुसार दुर्ग नगर निगम सीमा क्षेत्र में मानस भवन के पास लंबे समय से अस्थायी गुमटियां संचालित हो रही थीं, लेकिन संबंधित गुमटीधारियों द्वारा निगम का किराया लगातार बकाया रखा गया था।
कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद किराया जमा नहीं किया गया, जिसके बाद निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सीलिंग की कार्रवाई की।शुक्रवार को बाजार विभाग के ईश्वर वर्मा और शशिकांत यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मानस भवन के पास लगी 16 अस्थायी गुमटियों को सीलबंद कर दिया। कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने गुमटियों को निगम आधिपत्य में ले लिया।निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नगर निगम की संपत्तियों का किराया समय पर जमा करना अनिवार्य है।
यदि अन्य दुकानदार भी बकाया राशि जमा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ भी इसी तरह की सीलबंद कार्रवाई की जाएगी।निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और निगम की संपत्तियों से बकाया किराया हर हाल में वसूला जाएगा।
