गंभीर मरीज के लिए दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर, 42 मिनट में रायपुर पहुंची एंबुलेंस
दुर्ग/ एक गंभीर मरीज के जीवनरक्षक उपचार के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। इस विशेष व्यवस्था के तहत भिलाई के मित्तल हॉस्पिटल, नेहरू नगर से रायपुर स्थित रामकृष्ण हॉस्पिटल तक एंबुलेंस को बिना बाधा तेज गति से पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार, भिलाई निवासी दीपिका भोसले को मित्तल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
चिकित्सकीय जांच के बाद उनकी हालत गंभीर पाई गई, जिसके चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।सूचना मिलते ही यातायात पुलिस दुर्ग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे मार्ग पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती कर यातायात को नियंत्रित और आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया गया। साथ ही वायरलेस के माध्यम से एंबुलेंस की लगातार मॉनिटरिंग की गई।इस समन्वित प्रयास का परिणाम रहा कि एंबुलेंस को मात्र 42 मिनट में सुरक्षित रूप से रामकृष्ण हॉस्पिटल, रायपुर पहुंचा दिया गया, जहां मरीज का उपचार जारी है।
इस पूरी कार्यवाही में यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता देते हुए रास्ता दें, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
