पोलमी मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौके पर मौत

पोलमी मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौके पर मौत

कुकदूर (कबीरधाम)। पोलमी मुख्य मार्ग पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कुकदूर थाना क्षेत्र की है।मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नेउर कुशयारी निवासी सोन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह परसेलखार में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरते ही ट्रेलर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।सूचना मिलते ही कुकदूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रेलर वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पोलमी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक बोर्ड और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है।इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक के परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?