तीन वार्डों में विकास कार्यों का भूमिपूजन, सड़क-नाली और पुलिया निर्माण से मिलेगी
दुर्ग , 6 जून। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को महापौर अलका बाघमार ने वार्ड क्रमांक 2 राजीव नगर, वार्ड क्रमांक 12 मोहन नगर और वार्ड क्रमांक 26 संतरा बाड़ी में सड़क, नाली एवं पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।भूमिपूजन कार्यक्रम में लोककर्म विभाग प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, नरेंद्र बंजारे, शेखर चन्द्राकर, पार्षद आर.एन. वर्मा, गोविंद्र देवांगन, अजीत वैध, रंजीता पाटिल, ममता देवांगन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे ।
महापौर ने राजीव नगर में सड़क सीमेंटीकरण, मोहन नगर में पुलिया एवं नाली निर्माण तथा संतरा बाड़ी में नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में जलभराव, गंदे पानी की निकासी और आवागमन संबंधी समस्याओं से नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कर नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सड़क, नाली और पुलिया जैसी आधारभूत संरचनाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की नींव होती हैं।
उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन जन आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।महापौर ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने महापौर का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से इन कार्यों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का समाधान होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी ।
नागरिकों ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनहित के ऐसे कार्य जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
