निगम का अनोखा अभियान: टैक्स जमा करने वाले करदाताओं का पौधा भेंट कर किया सम्मान

-निगम का अनोखा अभियान: टैक्स जमा करने वाले करदाताओं का पौधा भेंट कर किया सम्मान

करदाता सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, हरियाली बढ़ाने की अनूठी पहल,

निगम प्रशासन ने कहा- समय पर टैक्स जमा करें, एक पौधा लगाकर शहर को बनाएं हराभरा,

दुर्ग, 26 जून। नगर पालिक निगम दुर्ग ने करदाताओं के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए एक अभिनव पहल की। आज निगम प्रशासन के टैक्स काउंटरों में संपत्तिकर एवं अन्य कर जमा करने पहुंचे जागरूक करदाताओं का पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। निगम की इस अनूठी पहल को करदाताओं ने सराहा और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक प्रयास बताया।निगम परिसर स्थित टैक्स काउंटर में बड़ी संख्या में करदाता अपना टैक्स जमा करने पहुंचे।

इस दौरान निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रत्येक करदाता को पौधा भेंट कर उनके समय पर कर भुगतान करने के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की सराहना की। निगम का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रह करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित करना है, ताकि करदाता अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण कर शहर को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बना सकें।निगम प्रशासन ने कहा कि नगर के विकास में करदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

नागरिकों द्वारा समय पर कर जमा करने से सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता सहित विभिन्न जनहित एवं विकास कार्यों को गति मिलती है। निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे समय पर अपना कर जमा करें और वर्षा ऋतु का लाभ उठाते हुए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी नियमित देखभाल भी करें। पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सकेगा। नगर निगम आगे भी जनभागीदारी आधारित ऐसे नवाचार करता रहेगा, जिससे शहर के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?