गुरु की महिमा अतुलनीय, शिक्षक ही गढ़ते हैं विचारशील समाज : बीईओ दीपक ठाकुर

पंडरिया। विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सांवतपुर में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संकुल प्राचार्य रूपचंद जायसवाल तथा शैक्षणिक समन्वयक गेंदराम साहू भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
अपने संबोधन में बीईओ दीपक ठाकुर ने कहा कि गुरु की महिमा अतुलनीय है। बच्चों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और नैतिक जिम्मेदारी का बोध कराना शिक्षक का प्रमुख दायित्व है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पित प्रयासों से ही एक विचारशील एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है, इसलिए प्रत्येक शिक्षक को अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए।विद्यालय के विद्यार्थियों ने बीईओ को अपने बीच पाकर हर्ष व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान संस्था प्रधान एवं शिक्षकों ने श्री ठाकुर का शाल, श्रीफल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
संकुल प्राचार्य रूपचंद जायसवाल एवं शैक्षणिक समन्वयक गेंदराम साहू ने भी विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक विनोद तिवारी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
